भारत ने ओआईसी के कदम को खारिज किया
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ने आर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कांफ्रेंस (ओआईसी) के उस कदम की आलोचना की है जिसके तहत कश्मीर के लिए एक विशेष दूत की नियुक्ति की गई है। सरकार ने कहा है कि भारत के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप का आईओसी को कोई अधिकार नहीं है।
विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है, "यह खेदजनक है कि ओआईसी ने भारत के अंदरूनी मामलों पर टिप्पणी की है। हम इसकी निंदा करते हैं और इसे खारिज करते हैं।"
मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "ओआईसी के बयानों में निहित बातें और जम्मू एवं कश्मीर के मुद्दे पर इस तरह की कार्रवाई भारत की स्थिति को न समझ पाने की एक अवस्था है।"
बयान में कहा गया है, "जम्मू एवं कश्मीर भारत का एक अभिन्न हिस्सा है। यह हमारा स्पष्ट मत है कि ओआईसी को भारत के अंदरूनी मामलों में दखल देने का कोई अधिकार नहीं है।"
ज्ञात हो कि ओआईसी ने सऊदी अरब के अब्दुल्लाह बिन अब्दुल रहमान को पिछले सप्ताह कश्मीर के लिए विशेष दूत के रूप में नियुक्त किया है।
माना जा रहा है कि यह कदम पाकिस्तान के प्रभाव में उठाया गया है। यह संगठन राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक मामलों में मुसलमानों की एकता को बढ़ावा देता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications