कर्नाटक बाढ़ में मृतकों की संख्या 156 हुई
बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित बीजापुर जिले में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं बागलकोट में 20 और रायचुर में 19 लोग बाढ़ की विभीषिका के शिकार हो चुके हैं।
कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित 29 जिलों में मरने वालों की संख्या 156 पहुंच चुकी है। राज्य में बुधवार से हो रही मूसलाधार बारिश से आई बाढ़ की वजह से गुलबर्गा में 18, कोप्पल में 17, बेल्लारी में 12, दावणगेरे में नौ, चित्रदुर्ग में आठ, गड़ग में सात, बेलगाम में छह, बीदर में चार, उत्तर कन्नड़ में पांच और धारवाड़ में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
राज्य आपदा प्रबंधन समिति के प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया," बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के बचाव दल राहत कार्यो में जुटे हैं। छह हेलीकॉप्टरों और 32 नावों की मदद से करीब 105 सदस्य बचाव कार्यो में लगे हैं।"
गौरतलब है कि बाढ़ प्रभावित जिलों में 455 खाद्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री बी.एस येदियुरप्पा ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। रेल और सड़क संचार चौथे दिन भी ठप रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications