अरूणाचल में 2013 तक तैयार होगा राजमार्ग: प्रधानमंत्री
राज्य के पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "अरूणाचल प्रदेश में राजमार्ग, रेल और हवाई संपर्क और दो छोटी पनबिजली परियोजनाओं से सीमा के नजदीकी इलाकों की जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा। ये इलाके अलग-थलग पड़े हुए हैं।"
उन्होंने कहा, "राजमार्ग 2013 तक पूरा हो जाएगा और इससे इलाके में ढांचागत सुविधाओं का विकास तेजी से करने में मदद मिलेगी। मैं आप लोगों को एक बार फिर आश्वस्त करता हूं कि कांग्रेस सरकार अरूणाचल प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।"
अरूणाचल प्रदेश में बन रहा 1,840 किलोमीटर लंबा राजमार्ग 11 जिला मुख्यालयों को आपस में जोड़ेगा। इसके अलावा अतिरिक्त 847 किलोमीटर सड़क राज्य के शेष पांच जिला मुख्यालयों को आपस में जोड़ेगी।
अरूणाचल प्रदेश में 13 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव है। तीन कांग्रेस उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने के कारण अब 57 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा।
प्रदेश में राजमार्ग के निर्माण की परियोजना की घोषणा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने फरवरी 2008 में राज्य के दौरे के समय की थी
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications