निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन पर 2 क्रेन पलटी, कोई घायल नहीं (लीड-2)
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दक्षिणी दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन पर दोपहर 12.15 बजे बड़ी क्रेन छोटी क्रेन को उठा रही थी।
क्षेत्र के निवासी रमेश कुमार ने कहा, "बड़ी क्रेन छोटी क्रेन को एक तरफ से दूसरी तरफ हटा रही थी तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और उसका आगे का पहिया हवा में उठ गया। क्रेन चालक सेकेंडों में क्रेन से उतरने में सफल रहा।"
उन्होंने कहा कि क्रेन निर्माणधीन क्षेत्र में गिरी और अगर यह बाहर सड़क पर गिरी होती को जान-माल का काफी नुकसान हो सकता था।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा कि इस क्रेन का इस्तेमाल लार्सन एंड टुब्रो कर रही थी।
उन्होंने कहा, "50 टन क्षमता की क्रेन अपने से कम क्षमता वाली क्रेन को उठा रही थी, तभी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से बड़ी क्रेन की लिफ्टिंग आर्म का एक सिलेंडर फेल हो गया। लॉर्सन एंड टुब्रो ने यह क्रेन ग्लोबल हाईड्रोलिक सेल्स से भाड़े पर ली थी। क्रेन वर्ष 2006 में बनी थी और संचालन कार्यो के लिए इसकी योग्यता प्रमाणित थी।
उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल पर 30 कर्मचारी थे लेकिन कोई भी घायल नहीं हुआ। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के मुख्य परियोजना अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल की निगरानी कर रहे हैं।
साकेत स्टेशन कनॉट प्लेस को गुड़गांव से जोड़ने वाली मेट्रो लाइन पर है। इस लाइन के मार्च 2010 तक खुलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिणी दिल्ली के जमरूदपुर इलाके में गत 12 जुलाई को एक मेट्रो पुल के ढहने के कारण छह लोगों की मौत हो गई थी और करीब 20 कर्मचारी घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications