केरल नाव दुर्घटना : मां, बेटी का शव मिला, 43 की मौत
इडुक्की के पुलिस अधीक्षक पी. के. कुट्टापाई का कहना है कि ये शव दुर्घटना स्थल के नजदीक पाए गए। जहां पुलिस और वन अधिकारियों के साथ गोताखोरों का दल शव को बाहर निकालने के लिए पहुंचा था। ये दोनों चेन्नई से केरल आई थीं।
कुट्टापाई ने आईएएनएस से कहा, "अब भी आंध्र प्रदेश के दो किशोर लापता हैं, जबकि मैसूर से थेक्कडी के लिए निकला एक जोड़ा अब तक अपने घर वापस नहीं पहुंचा है। लेकिन यदि वह यहां है तो इस संबंध में हमें जानकारी नहीं है।"
आंध्र प्रदेश के एक 19 वर्षीय लड़के व 15 वर्षीय लड़की के माता-पिता अब भी यहां एक होटल में रुके हुए हैं।
केरल पर्यटन विकास निगम (केटीडीसी) की नाव बुधवार की शाम पलट गई थी। घटना के शिकार लापता लोगों को खोजने का बचाव दल का यह लगातार तीसरा दिन था।
कुट्टापाई ने कहा, "घटना को हुए काफी दिन हो गए हैं इसलिए आज गोताखोरों के दल को तलाशी अभियान बंद करने के लिए कह दिया जाएगा। यदि और शव होंगे तो वह पानी के ऊपर आ जाएंगे।"
मरने वालों में तमिलनाडु के 13, दिल्ली के 12, आंध्र प्रदेश व पश्चिम बंगाल के पांच-पांच, कर्नाटक व केरल के तीन-तीन लोग और मुंबई का एक व्यक्ति शामिल था।
केटीडीसी ने नाव चालक विक्टर सैमुअल व दो अन्य सदस्यों को शनिवार को बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस जांच के अलावा केटीडीसी के प्रबंध निदेशक के. जी. मोहनलाल ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने दुर्घटना की न्यायिक जांच की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications