निर्माणाधीन साकेत मेट्रो स्टेशन स्थल पर क्रेन पलटी, 2 घायल (लीड-1)
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो के एक निर्माणाधीन स्थल पर शनिवार को एक क्रेन के पलटने से दो लोग घायल हो गए।
दक्षिणी दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन पर दोपहर 12.15 बजे हुई इस दुर्घटना का कारण तकनीकी विफलता बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार इस हादसे में दो कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। दूसरी ओर मेट्रो अधिकारियों का दावा है कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "50 टन क्षमता की क्रेन अपने से कम क्षमता वाली क्रेन को उठा रही थी, तभी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से बड़ी क्रेन की लिफ्टिंग आर्म का एक सिलेंडर फेल हो गया। लॉर्सन एंड टुब्रो ने यह क्रेन ग्लोबल हाईड्रोलिक सेल्स से भाड़े पर ली थी। क्रेन वर्ष 2006 में बनी थी और संचालन कार्यो के लिए इसकी योग्यता प्रमाणित थी।
उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल पर 30 कर्मचारी थे लेकिन कोई भी घायल नहीं हुआ। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के मुख्य परियोजना अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल की निगरानी कर रहे हैं।
साकेत स्टेशन कनॉट प्लेस को गुड़गांव से जोड़ने वाली मेट्रो लाइन पर है। इस लाइन के मार्च 2010 तक खुलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिणी दिल्ली के जमरूदपुर इलाके में गत 12 जुलाई को एक मेट्रो पुल के ढहने के कारण छह लोगों की मौत हो गई थी और करीब 20 कर्मचारी घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications