बांग्लादेश में आतंकवादी तंत्र ध्वस्त : ढाका पुलिस
समाचार पत्र 'द न्यूज टुडे' के अनुसार ढाका पुलिस की खुफिया शाखा ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 28 वर्षीय संदिग्ध सदस्य इमदादुल्लाह उर्फ महबूब की गिरफ्तारी से इस समूह का तंत्र ध्वस्त हो गया है।
समाचार पत्र में शनिवार को प्रकाशित रिपोर्ट में ढाका पुलिस की खुफिया शाखा (दक्षिण) के उपायुक्त मोनिरुल इस्लाम के हवाले से कहा गया है कि जुलाई में मुफ्ती शेख अब्दुल्ला और मौलाना मुहम्मद मंसूर अली की गिरफ्तारी से आतंकवादियों के तंत्र को तगड़ा झटका लगा।
उन्होंने दावा कि आतंकवादी अब एक दूसरे से संपर्क स्थापित करने से कतरा रहे हैं क्योंकि उन्हें गिरफ्तारी का डर है।
उन्होंने कहा कि इमदादुल्लाह पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन हरकतुल जिहादिया इस्लामिया आजादिया का संदिग्ध सदस्य है। वह बांग्लादेश के आसिफ रजा कमांडो का प्रमुख और लश्कर का सदस्य भी है।
वह गिरफ्तारी से बचने के लिए बांग्लादेश, भारत और पाकिस्तान के विभिन्न इलाकों में छिपा करता था।
मई में तीन भारतीय आतंकवादियों के साथ अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के संदिग्ध करीबी अब्दुल राऊफ दाऊद मर्चेट की गिरफ्तारी के बाद इस आतंकवादी के बारे में पहली बार सुराग मिला था।
वर्ष 1997 में बॉलीवुड संगीतकार गुलशन कुमार की हत्या के बाद मर्चेट भारत से फरार हो गया था।
मर्चेट से पूछताछ के बाद पुलिस ने ओबैदुल्लाह और मंसूर को गिरफ्तार किया, जो वर्ष 1994 से बांग्लादेश में मदरसा शिक्षकों के रूप में रह रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications