बगलिहार परियोजना का दूसरा चरण 6 महीने में
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को परियोजना के प्रस्तावित स्थल का दौरा किया। उनके साथ गए राज्य ऊर्जा विकास निगम (पीडब्ल्यूसी) के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि मुख्यमंत्री ने निगम से कार्य आरंभ करने की तैयारी के बारे में जानकारी मांगी।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कार्य-योजना अगले दो हफ्तों में तैयार हो जानी चाहिए और अगले छह महीनों में कार्य शुरू हो जाना चाहिए।
बगलिहार-1 परियोजना से पिछले वर्ष अक्टूबर में विद्युत उत्पादन आरंभ हुआ था। इससे 450 मेगावॉट विद्युत का उत्पादन हो रहा है। अधिकारी ने बताया कि बगलिहार-2 से भी इतनी ही बिजली का उत्पादन होगा।
बगलिहार परियोजना जम्मू से 135 किलोमीटर उत्तर में चिनाब नदी पर स्थित है।
जम्मू और कश्मीर में 20,000 मेगावॉट जल विद्युत उत्पादन की क्षमता है लेकिन संसाधनों और प्रौद्योगिकी के अभाव में वहां जल विद्युत उत्पादन बहुत कम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications