दिल्ली मेट्रो निर्माण स्थल पर क्रेन पलटी, 2 घायल
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो के एक निर्माणाधीन स्थल पर शनिवार को एक क्रेन के पलटने से दो लोग घायल हो गए।
दक्षिणी दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन पर हुई इस दुर्घटना का कारण तकनीकी विफलता बताया जा रहा है।
यद्यपि मेट्रो अधिकारियों ने दावा किया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है, पुलिस ने बताया कि दो कर्मचारी घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है।
दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "यह घटना साकेत मेट्रो स्टेशन पर हुई। ऐसा लगता है कि एक क्रेन में तकनीकी खराबी आने से उसका संतुलन बिगड़ गया।"
उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल पर 30 कर्मचारी थे लेकिन कोई भी घायल नहीं हुआ।
साकेत स्टेशन कनॉट प्लेस को गुड़गांव से जोड़ने वाली मेट्रो लाइन पर है। इस लाइन के मार्च 2010 तक खुलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि दक्षिणी दिल्ली के जमरूदपुर इलाके में एक मेट्रो पुल के गत 12 जुलाई को ढहने के कारण छह लोगों की मौत हो गई थी और करीब 20 कर्मचारी घायल हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications