छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की हड़ताल से जनजीवन प्रभावित
रायपुर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। नक्सलियों की ओर से शनिवार को आहूत राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दौरान छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित रहा।
बस्तर क्षेत्र में प्रमुख जगहों पर सुरक्षाबलों की तैनाती के बावजूद बस सेवाएं प्रभावित हुईं और नक्सलियों ने मुख्य सड़कों पर जाम लगाया।
40,000 वर्ग किलोमीटर में फैले बस्तर क्षेत्र के पांच जिलों दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर, और बस्तर के दूरवर्ती इलाकों में किसी भी वाहन के जाने के लिए तैयार नहीं होने की वजह से अनेक लोग बस अड्डों पर फंसे रहे।
पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर क्षेत्र) टी.जे. लोंगकुमार ने आईएएनएस को बताया, "बस्तर में हल्के वाहन चल रहे हैं लेकिन दूरवर्ती इलाकों में बसें नहीं जा रहीं हैं। बस्तर के किसी हिस्से से अबतक किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं मिला है और हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।"
नक्सलियों के भय से बस चालकों ने दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 221 और 16 पर अपनी बसों का आवागमन बंद रखा। स्थानीय पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को राजमार्गो पर तैनात किया गया है।
जगदलपुर पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि शहरी इलाकों में नक्सलियों की हड़ताल का असर नहीं पड़ा है लेकिन बस्तर वनक्षेत्र इससे प्रभावित हुए हैं जहां नक्सलियों से निपटने के लिए पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।
राजधानी रायपुर में प्रमुख सरकारी भवनों, पुलिस मुख्यालय, राज्य सचिवालय और मंत्रियों के आवासों पर पूरी चौकसी बरती जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications