'नक्सली हमले' में 16 ग्रामीणों की मौत (लीड-2)
राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) एस़ क़े भारद्वाज ने बताया, "गुरुवार रात लगभग 12 बजे 15 से 20 की संख्या में अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया तथा 16 लोगों को गांव के बाहर ले जाकर गोली मार दी। मरने वालों में अधिकांश पिछड़ी जाति के लोग थे।"
उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले लोग नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से सहानुभूति रखते थे लेकिन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस घटना के लिए कौन लोग जिम्मेदार हैं।
भारद्वाज के मुताबिक विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की एक टुकड़ी पटना से घटनास्थल की ओर रवाना कर दी गई है तथा खगड़िया के जिलाधिकारी अभय कुमार और पुलिस अधीक्षक इंद्रानंद मिश्र घटनास्थल पर मौजूद हैं।
उधर, ग्रामीणों ने दूरभाष पर बताया कि हमलावर नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के थे जिनकी संख्या 50 के करीब थी। इससे पहले राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि के अनुसार अभी तक की जानकारी के आधार पर यह नक्सली हमला लगता है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक 16 शवों को बरामद कर लिया गया है। घटनास्थल जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर है।
पुलिस के अुनसार अलौली थाना क्षेत्र के इचरूआ गांव के लोग मोरकही थाना क्षेत्र के अमौसी गांव में रहकर खेती करते थे। यहां काफी दिनों से जमीन को लेकर कुछ लोगों से इनका विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद की वजह से इन हत्याओं को अंजाम दिया गया है।
खगड़िया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अजय कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के पीछे भूमि विवाद है। पुलिस मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है तथा जिले के वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications