आंध्र व कर्नाटक में बाढ़ से 130 मरे, सेना ने संभाला मोर्चा (राउंडअप)
लगातार बारिश की वजह से कर्नाटक में 104 और आंध्र प्रदेश में 26 लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों राज्यों के हजारों लोग बाढ़ में फंसे हुए और हजारों बेघर हो गए हैं। राहत की आस में सैकड़ों लोग छतों पर शरण लिए हुए हैं।
कर्नाटक में भारी बारिश की वजह से बीजापुर जिले में 29, गुलबरगा में 13, राइचुर में 11, कोप्पल में 10, बागलकोट में 10, दावणगेरे में 9, बेल्लारी में 8, बेलगाम में 6, गड़गे में 5, बिदर में 2 और चिकबल्लापुर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर और नौकाओं की सहायता ली जा रही है।
प्रभावित सात जिलों में राहत और बचाव कार्यो के लिए मुख्यमंत्री बी.एस.येदुरप्पा ने शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। राज्य सरकार ने राहत कार्यों के लिए तत्काल 100 करोड़ रुपये दिए हैं।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर.पी.जगदीश ने आईएएनएस से कहा कि प्रभावित जिलों में युद्ध स्तर पर राहत कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि सेना और वायुसेना के हेलीकॉप्टर को बचाव कार्य में लगाया गया है।
आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में बुधवार से जारी भारी बारिश की वजह से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। राहत कार्य में सेना राज्य सरकार की मदद कर रही है। वायुसेना के छह हेलीकॉप्टर बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए लगाए गए हैं।
बाढ़ से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 26 हो गई है और बाढ़ के पानी के कुरनूल व महबूबनगर जिलों के दर्जनों गांवों में और कुरनूल व मंत्रालयम कस्बों में घुस जाने के कारण हजारों लोग फंसे हुए हैं।
मुख्यमंत्री के.रोसैया ने बाढ़ की स्थिति को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि राहत व बचाव कार्य के लिए सैनिकों को तैनात किया गया है।
रोसैया ने कहा कि लोगों को बचाने के लिए छह हेलीकॉप्टरों को भी लगाया गया है। इनमें से चार हेलीकॉप्टरों को कुरनूल जिले में लोगों को बचाने में लगाया गया है और दो हेलीकॉप्टरों को महाबूबनगर जिले में लगाया गया है। एक हेलीकाप्टर ने मंत्रालयम कस्बे से 15 लोगों को बचाया है।
आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम की छह नौकाओं को भी राहत कार्य में लगाया गया है।
राजस्व व राहत मंत्री धर्मना प्रसाद राव ने कहा है कि तमिलनाडु के आराक्कोणम स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के 120 जवान राहत कार्य में सहयोग के लिए आंध्र प्रदेश पहुंच रहे हैं।
आंध्र प्रदेश विशेष पुलिस (एपीएसपी) की बटालियनों को भी राहत व बचाव कार्य में लगाया गया है।
कर्नाटक के ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के कारण श्रीसैलम से कृष्णा नदी में अभूतपूर्व बहाव के चलते कृष्णा बेसिन बुरी तरह बाढ़ की चपेट में है।
महबूबनगर और कुरनूल जिले के कई गांवों में गुरुवार से ही बाढ़ जैसी स्थिति है। गुरुवार को महबूबनगर में सात और कुरनूल में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई थी।
करीमनगर जिले में बुधवार रात बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी वहीं भारतीय वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर ने बुधवार को महबूबनगर जिले में फंसे पांच छात्रों को बाहर निकाला था।
महबूबनगर के तीन गांवों का जिले के अन्य हिस्सों से संपर्क टूट गया है। कुरनूल जिले में 12,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री के.रोसैया ने स्थिति पर चर्चा करने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की थी। उन्होंने प्रभावित इलाकों में सहायता और बचाव कार्य को लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications