झारखण्ड के खुफिया अधिकारी का दो दिन बाद भी सुराग नहीं
स्थानीय पुलिस द्वारा बड़े पैमाने पर अभियान चलाने के बावजूद अभी तक खुफिया अधिकारी के बारे में कुछ पता नहीं चला है।
पुलिस अधिकारी फ्रांसिस इंदवार राज्य की खुफिया विभाग में तैनात थे। रांची से 150 किलोमीटर दूर बुधवार की शाम को लगभग 10 हथियारबंद नक्सलियों ने खूंटी जिले के आरकी पुलिस थाने के पास हेम्ब्रम बाजार से फ्रांसिस इंदवार को उस वक्त अगवा कर लिया था जब वह नक्सलियों के बारे में सूचना एकत्रित कर रहे थे।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक जतिन नारवाल ने आईएएनएस को बताया, "इंदवार को छुड़ाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया है।"
पुलिस सूत्रों के अनुसार इंदवार को छुड़ाने के लिए तीन जिलों की पुलिस मिलकर संयुक्त अभियान चला रही है। पुलिस बोकारो जिले और अन्य संदिग्ध जगहों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस को संदेह है कि इस अपहरण के पीछे प्रतिबंधित संगठन मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी (माओवादी) के जोनल कमांडर कुंदन पहान का हाथ हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications