आंध्र में बाढ़ से 26 मरे, सेना ने संभाला मोर्चा (लीड-1)
बाढ़ से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 26 हो गई है और बाढ़ के पानी के कुरनूल व महबूबनगर जिलों के दर्जनों गांवों में और कुरनूल व मंत्रालयम कस्बों में घुस जाने के कारण हजारों लोग फंसे हुए हैं।
मुख्यमंत्री के.रोसैया ने बाढ़ की स्थिति को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि राहत व बचाव कार्य के लिए सैनिकों को तैनात किया गया है।
रोसैया ने कहा कि लोगों को बचाने के लिए छह हेलीकॉप्टरों को भी लगाया गया है। इनमें से चार हेलीकॉप्टरों को कुरनूल जिले में लोगों को बचाने में लगाया गया है और दो हेलीकॉप्टरों को महाबूबनगर जिले में लगाया गया है। एक हेलीकाप्टर ने मंत्रालयम कस्बे से 15 लोगों को बचाया है।
आंध्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम की छह नौकाओं को भी राहत कार्य में लगाया गया है।
राजस्व व राहत मंत्री धर्मना प्रसाद राव ने कहा है कि तमिलनाडु के आराक्कोणम स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के 120 जवान राहत कार्य में सहयोग के लिए आंध्र प्रदेश पहुंच रहे हैं।
आंध्र प्रदेश विशेष पुलिस (एपीएसपी) की बटालियनों को भी राहत व बचाव कार्य में लगाया गया है।
कर्नाटक के ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के कारण श्रीसैलम से कृष्णा नदी में अभूतपूर्व बहाव के चलते कृष्णा बेसिन बुरी तरह बाढ़ की चपेट में है।
महबूबनगर और कुरनूल जिले के कई गांवों में गुरुवार से ही बाढ़ जैसी स्थिति है। गुरुवार को महबूबनगर में सात और कुरनूल में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई थी।
करीमनगर जिले में बुधवार रात बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी वहीं भारतीय वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर ने बुधवार को महबूबनगर जिले में फंसे पांच छात्रों को बाहर निकाला था।
महबूबनगर के तीन गांवों का जिले के अन्य हिस्सों से संपर्क टूट गया है। कुरनूल जिले में 12,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री के.रोसैया ने स्थिति पर चर्चा करने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की थी। उन्होंने प्रभावित इलाकों में सहायता और बचाव कार्य को लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications