बिहार में 16 ग्रामीणों की हत्या, मृतकों के संबंधियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए का मुआवजा (लीड-3)
पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने घटना की निन्दा करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मृतक के निकट संबंधियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए दिए जाएंगे जिसमें एक लाख रुपए राज्य सरकार के तरफ से जबकि 50 हजार रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे।
उधर, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष एवं पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद ने घटना की निन्दा करते हुए वर्तमान सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार का खुफिया तंत्र पूरी तरह फेल हो गया है। उन्होंने घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
इसके पूर्व राज्य के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) एस़ क़े भारद्वाज ने बताया कि सभी मृतक अपने झोपड़ीनुमा घरों में सोए हुए थे कि रात के करीब 12 बजे 15-20 की संख्या में अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया तथा उन लोगों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें अपने साथ ले गए और गांव के बाहर सभी की गोली मार कर हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले लोग नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से सहानुभूति रखते थे परंतु जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस घटना को अंजाम किसने दिया।
भारद्वाज के मुताबिक विषेष कार्य बल (एसटीएफ) की विशेष टुकड़ी पटना से घटनास्थल की ओर रवाना कर दी गई है तथा खगड़िया के जिलाधिकारी अभय कुमार और पुलिस अधीक्षक इंद्रानंद मिश्र घटनास्थल पर कैंप किए हुए हैं।
इधर, ग्रामीणों ने दूरभाष पर बताया कि हमलावर नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के थे जिनकी संख्या 50 के करीब थी। इसके पूर्व राज्य के अपर पुलिस महानिदेषक नीलमणि ने बताया कि अभी तक की जानकारी के आधार पर यह नक्सली हमला लगता है। उन्होंने बताया कि मरने वालों में 11 वयस्क तथा 5 नाबालिग हैं।
एक अन्य पुलिस अधिकारी के मुताबिक अब तक सभी 16 शवों को बरामद कर लिया गया है। घटनास्थल जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर है। उल्लेखनीय है कि खगड़िया जिले में ही सोमवार को हुई एक नौका दुर्घटना में 59 लोगों की मौत हो गई थी।
इसके पूर्व पुलिस के अनुसार अलौली थाना के इचरूआ गांव के लोग मोरकही थाना क्षेत्र के अमौसी गांव में रहकर कृषि कार्य करते थे। पिछले काफी दिनों से कुछ जमीन को लेकर कुछ लोगों से विवाद चला आ रहा था। जिसके कारण हत्या की गई।
इधर, खगड़िया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अजय कुमार पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए शुक्रवार को बताया कि घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है तथा जिले के वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications