सेंसेक्स ने 16 माह में पहली बार सर्वोच्च स्तर छुआ
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कटौती वाले कारोबारी सप्ताह में शेयर बाजार में बढ़त बनी रही और सेंसेक्स 16 माह में पहली बार 17,000 के अंक को पार कर गया।
इस सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को दो सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद कारोबारी सप्ताह के दौरान सेंसेक्स गुरुवार को पिछले सप्ताह के 16,693 अंकों की तुलना में 441.55 अंक यानी 2.65 फीसदी बढ़ कर 17,134.55 अंक पर बंद हुआ।
मंगलवार और बुधवार को सेंसेक्स में बढ़त का दौर जारी रहा और गुरुवार को भी सेंसेक्स बढ़त बरकरार रखने में सफल रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों पर आधारित राष्ट्रीय सूचकांक 'निफ्टी' पिछले सप्ताह की तुलना में2.4 फीसदी बढ़ कर 5,083.4 अंक पर बंद हुआ।
बीएसई का मिडकैप सूचकांक 1.21 फीसदी और स्मॉलकैप सूचकांक 1.84 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुए।
सोमवार को दशहरे के उपलक्ष्य में अवकाश होने के कारण कारोबारी सप्ताह मंगलवार को शुरू हुआ। मंगलवार को सेंसेक्स 159.91 अंक यानी 0.96 फीसदी की बढ़त के साथ 16,852.91 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 0.97 फीसदी की बढ़त के साथ 5,006.85 अंक पर बंद हुआ।
बुधवार को भारतीय कंपनियों के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद पर सवार सेंसेक्स 16 माह में पहली बार 17,000 अंक को पार कर गया।
बुधवार के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 273.93 अंक यानी 1.63 फीसदी बढ़ कर 17,126.84 अंक पर बंद हुआ।
गुरुवार को सेंसेक्स में अस्थिरता का दौर रहा लेकिन सेंसेक्स बढ़त के रूख को बरकरार रखने में सफल रहा।
गुरुवार के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 7.71 अंक की बढ़त के साथ 17,134.55 अंक पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 0.01 फीसदी की गिरावट के साथ 5,083.4 अंक पर बंद हुआ।
सप्ताह के कारोबारी सत्र में आईसीआईसीआई बैंक (7.7 प्रतिशत), सिप्ला (5.3 प्रतिशत), विप्रो (4.7 प्रतिशत), टीसीएस (4.5) और अंबुजा सीमेंट (4.3 प्रतिशत) को लाभ हुआ।
इंडो-एशियन सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications