ईरान के साथ बातचीत जारी रहेगी

ईरान के साथ बातचीत जारी रहेगी

ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर और ईरान, अमरीका और अन्य देशों के बीच जिनेवा में हुई बैठक बातचीत को आगे जारी रखने की सहमति के साथ समाप्त हो गई है.

साथ ही ईरान अपने दूसरे नए यूरेनियम संवर्धन केंद्र की निगरानी के लिए संयुक्त राष्ट्र की संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के निरीक्षकों के साथ सहयोग करने के लिए भी तैयार हो गया है.

जिनेवा बैठक का ब्यौरा देते हुए यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख हाविए सोलाना ने कहा कि आगे वार्ताओं के और दौर होंगे और अगली बैठक अक्तूबर के अंत में होगी.

ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर संयुक्त राष्ट्र सरक्षा परिषद के पाँच स्थायी सदस्यों और जर्मनी का एक गुट ईरान के साथ पहले भी बातचीत करता रहा है.

गुरूवार को जिनेवा में मिलने से पहले इस तरह की बैठक जुलाई 2008 में हुई थी जिसके बाद गतिरोध की स्थिति बन गई.

बातचीत

हाविए सोलाना ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा,"आज हुई सहमति इस बात का सूचक है कि आगे बातचीत की एक गहन प्रक्रिया का आरंभ होनेवाला है. आज जो बैठक हुई उसका महत्व इससे और बढ़ जाता है कि पहली बार अमरीका ने इस बैठक में पूरी तरह से भागीदारी की."

इस बैठक में अमरीकी विदेश उपमंत्री विलियम बर्न्स ने हिस्सा लिया और वे ईरान के प्रमुख परमाणु वार्ताकार सईद जलीली से मिले.

संवाददाताओं का कहना है लगभग 30 साल पहले दोनों देशों के संबंध टूटने के बाद से उनके बीच इस स्तर पर बहुत कम ही बार मुलाक़ात हुई है.

हाविए सोलाना ने साथ ही ईरान के दूसरे परमाणु केंद्र के निरीक्षण के बारे में कहा,"ईरान ने कहा है कि वह तत्काल और पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ अपने दूसरे परमाणु केंद्र की निगरानी के बारे में सहयोग करेगा."

सोलाना ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञ अगले कुछ सप्ताह में कूम स्थित परमाणु केंद्र का दौरा कर सकते हैं.

सकारात्मक रूख़

ईरान ने जिनेवा में हुई बैठक के बारे में कहा है कि ये बैठक सकारात्मक वातावरण में हुई.

ईरान के विदेश मंत्री मनुचेर मोत्तकी ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बातचीत में जुटी छह विश्व शक्तियों ने पिछली बार से अलग रवैया रखा और उन्होंने ईरान की कही बातों को लेकर जल्दबाज़ी में कोई निर्णय नहीं लिया.

ईरानी विदेश मंत्री ने आशा जताई कि दूसरा पक्ष मामले के हल के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रदर्शन करेगा.

उन्होंने कहा कि ईरान वार्ताओं का स्तर बढ़ाने के लिए तैयार है और इस बारे में शिखर बैठक करवाई जा सकती है.

अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भी जिनेवा वार्ता को उपयोगी बताया है लेकिन साथ ही कहा है कि वे चाहती हैं कि ईरान स्पष्ट रूप से दिखाए कि वह आगे बढ़ रहा है.

अमरीकी विदेश मंत्री ने कहा,"अमरीका ठोस कार्रवाई और सकारात्मक परिणाम चाहता है और आज की बैठक से उसका रास्ता खुलता है."

हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि जिनेवा में कई मुद्दे उठे और अब ये देखना है कि ईरान कितनी शीघ्रता से उनपर आगे जवाब देता है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+