केरल नौका दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 37 हुई
थेक्केडी (केरल), 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल की थेक्कडी नौका दुर्घटना में गुरुवार सुबह पांच शव और मिलने के साथ ही इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
यह हादसा बुधवार शाम 5.15 बजे हुआ था जब 76 पर्यटकों को ले रही एक नौका पेरियार वन्यजीव अभयारण्य में पलट गई थी। भारतीय नौसेना की 24 सदस्यीय टीम ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर शवों की तलाश शुरू कर दी।
स्थानीय सांसद कांग्रेस के पी.टी. थॉमस ने बताया कि हादसे में मरने वालों की असली संख्या का पता लगाना बाकी है क्योंकि कुछ विदेशी पर्यटक तैरकर किनारे आ गए थे।
उन्होंने बताया कि बहुत से लोगों को अस्पताल में इलाज चल रहा है और तलाश का काम भी अभी तक जारी है।
इस बीच मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन ने अपने आवास पर संवाददाताओं को बताया कि शवों को भिजवाने तथा बचाए गए पर्यटकों का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि घटना की जांच केरल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के नेतृत्व में कराने का फैसला लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications