ममता ने कांग्रेस पर भरोसा तोड़ने का आरोप लगाया
कोलकाता, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ वाम मोर्चे के समर्थन से कांग्रेस के सिलिगुड़ी स्थानीय निकाय में बहुमत हासिल करने के थोड़ी देर बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कांग्रेस पर गठबंधन राजनीति के नियमों को तोड़ने का आरोप लगाया है।
बनर्जी ने स्टार आनंद न्यूज चैनल से कहा, "कांग्रेस ने सिलिगुड़ी की जनता के जनादेश को झूठा साबित किया है, जिन्होंने एक राजनीतिक विकल्प के लिए वोट दिया था। परंतु कांग्रेस ने विश्वास भंग किया है। हमारी पार्टी का इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख है और हम मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) तथा कांग्रेस के इस अपवित्र गठजोड़ की निंदा करते हैं।"
बनर्जी ने कहा कि वह आम आदमी के हितों के लिए काम करती रहेंगी। लोगों का अब भी मानना है कि केवल तृणमूल कांग्रेस राज्य में परिवर्तन जा सकती है। कांग्रेस और माकपा ने फिर सिद्ध कर दिया है कि वे एक साथ हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने वाम मोर्चे के सहयोग से सिलिगुड़ी के मेयर का पद जीत लिया। कांग्रेस और तृणमूल दोनों ही मेयर के पद पर दावा कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications