नौका दुर्घटना : दिल्ली के दो परिवारों के 10 सदस्यों की मौत
दिल्ली के 12 लोगों में एक ही परिवार के छह सदस्य शामिल थे। इनमें प्रदीप जैन, उनकी पत्नी संध्या, बेटी श्रुति और संगीता, सास विमला, और पौत्र पार्था शामिल हैं। प्रदीप जैन का परिवार पश्चिमी दिल्ली के मुल्तान नगर इलाके का रहने वाला है।
प्रदीप जैन के साथ काम करने वाले और उनके पारिवारिक मित्र राजेश शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "परिवार के 10 सदस्य दशहरे की छुट्टी पर केरल घूमने गए थे। पिछली रात प्रदीप की बेटी नीति ने मुझे फोन पर बताया कि नौका दुर्घटना में उसके माता-पिता और बहनों की डूबने से मौत हो गई। यह सुनकर मैं स्तब्ध रह गया। मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि प्रदीप और उसके परिवार के सदस्य नहीं रहे। "
शर्मा ने भरे गले से कहा, "नीति पूरी तरह टूट चुकी है। वह अपने पूरे परिवार को खो चुकी है।"
प्रदीप के एक रिश्तेदार रवि प्रकाश ने कहा, "गुरुवार की सुबह शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नीति और दुर्घटना में बचे सदस्य तिरुवनंतपुरम से गुरुवार देर रात तक दिल्ली पहुंचेंगे।"
इस दुर्घटना में एक अन्य परिवार के चार सदस्यों की भी मौत हो गई है। चंडीगढ़ में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले अरुण कौरा, उनकी पत्नी श्रुति कौरा और उनकी बेटी अनिका एवं रेणु की भी इस हादसे में मौत हो गई।
अरुण कौरा के एक रिश्तेदार अनिल सूरी ने कहा, "इस हादसे में पूरा परिवार खत्म हो गया। आखिर ईश्वर इस परिवार के साथ इतना कठोर कैसे हो गया है।"
एक अन्य मृतका की पहचान सालिका के रूप में हुई है हालांकि प्रशासन अभी उसके रिश्तेदारों को नहीं तलाश पाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications