'वाईएसआर के शोक में मौतों की बात झूठ'
हैदराबाद, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। हेलीकाप्टर दुर्घटना में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस.राजशेखर रेड्डी की मौत के बाद उनके शोक में 600 लोगों की मौत को आंध्र प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने 'झूठ' करार दिया है।
वाईएसआर के पुत्र वाई.एस.जगनमोहन रेड्डी को मुख्यमंत्री बनाए जाने का विरोध कर रहे राज्यसभा सदस्य वी.हनुमंत राव ने शोक से हुई मौतों को प्रचार का हथकंडा बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जगनमोहन के समर्थक शोक से हुई मौतों का दावा करके पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहे हैं।
मंगलवार रात एक टेलीविजन बहस में वाईएसआर के वफादार और राज्य के वरिष्ठ मंत्री एन.रघुवीरा रेड्डी ने वाईएसआर की मौत के बाद उनके शोक में 600 लोगों की मौत का दावा किया। इसके बाद हनुमंत राव ने कहा, "यह सब झूठ और प्रचार का एक हथकंडा है। इसमें सामान्य मौतों और आत्महत्याओं को भी शामिल कर लिया गया है।"
मुख्यमंत्री के.रोसैया का कार्यकाल वर्ष 2014 तक जारी रखने के समर्थक राव ने पूछा, "क्या वह (वाईएसआर) इंदिरा गांधी और राजीव गांधी से भी लोकप्रिय थे।"
रघुवीरा रेड्डी ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कहा कि वह लोगों की भावनाओं का अनादर कर रहे हैं।
रेड्डी ने कहा कि न केवल कांग्रेस पार्टी के नेताओं का बहुमत वरन अन्य पार्टियों के नेता और राज्य की आठ करोड़ जनता का बहुमत भी जगन को मुख्यमंत्री बनाए जाने के पक्ष में है। बहरहाल उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का वह पालन करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications