एयर इंडिया के पायलटों ने हड़ताल वापस ली (लीड-2)
नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। नागरिक उड्डयन मंत्री की ओर से वेतन में कटौती नहीं करने का आश्वासन मिलने के बाद एयर इंडिया के कार्यकारी पायलटों ने अपनी पांच दिन से जारी हड़ताल बुधवार को समाप्त कर दी।
एक वरिष्ठ कार्यकारी पायलट और हड़ताल की अगुवाई कर रहे वी.के.भल्ला ने बताया, "हमें नागरिक उड्डयन मंत्री (प्रफुल्ल पटेल) के कार्यालय से आधिकारिक रूप से सूचित किया गया और स्वयं उन्होंने भी हमें आश्वस्त किया है कि वेतन में कोई भी कटौती नहीं होगी। इसलिए हमने तत्काल हड़ताल खत्म कर दी।"
भल्ला ने कहा, "नागरिक उड्डयन मंत्री की बात पर भरोसा नहीं करने का हमारे पास कोई कारण नहीं है। मैं सभी पायलटों से काम पर लौटने को कह रहा हूं। अब हम प्रबंधन के साथ पूरा सहयोग करेंगे। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।"
उत्पादकता से जुड़े भत्तों (पीएलआई) में कटौती के प्रबंधन के फैसले के विरोध में शनिवार को एयर इंडिया के पायलटों की हड़ताल आरंभ हुई थी। करीब 180 पायलटों ने एक साथ बीमारी के कारण छुट्टी ले ली थी। हड़ताल के चौथे दिन मंगलवार तक एयर इंडिया को 100 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं थीं। बुधवार सुबह भी 28 उड़ानें रद्द हुईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications