'मुंबई हमलों की पाकिस्तानी जांच में भी लश्कर को दोषी ठहराया गया'

वाशिंगटन, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमलों की पाकिस्तानी जांच में कहा गया है कि आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने इसे अंजाम दिया है और इसमें संदेह की कोई वजह नहीं है। अमेरिकी समाचार पत्र 'न्यूयार्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

पाकिस्तानी जांच के दस्तावेजों के अनुसार एक होम्योपैथी दवा विक्रेता हम्माद अमीन सादिक ने मुंबई हमलों को अंजाम देने वालों के लिए बैंक खातों का प्रबंध किया और अन्य आपूर्ति सुनिश्चित की।

अखबार के अनुसार उसने मुंबई जांच से संबद्ध भारतीय और पाकिस्तानी दस्तावेज हासिल किए हैं। इसमें पूरे पाकिस्तान में फैले लश्कर के नेटवर्क की विस्तृत तस्वीर है। इनमें 26/11 के हमले की तैयारी के लिए इस्तेमाल में लाए गए कराची के चार मकानों और दो प्रशिक्षण शिविरों का भी ब्योरा है।

पाकिस्तानी पुलिस ने आतंकवादी साहित्य, डायरियों, कारतूसों, बंदूकों की खाली मैगजीनों और विस्फोटकों सहित काफी साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।

अखबार ने लश्कर के चार सदस्यों का साक्षात्कार लिया। उन्होंने कहा कि आईएसआई और लश्कर के बीच बहुत मामूली दूरी है। लश्कर के एक शीर्ष आतंकवादी ने बताया कि मुंबई पर हमला करने वाले आतंकवादी पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारियों और खुफिया अधिकारियों द्वारा लश्कर के शिविरों में प्रशिक्षित किए गए समूह में शामिल थे।

अमेरिकी दैनिक के अनुसार पाकिस्तान के अपनी धरती पर आतंकवादी ढांचा ध्वस्त करने के वादे के बावजूद लश्कर का संगठन न केवल कायम है वरन वह फल-फूल भी रहा है।

अखबार के अनुसार मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमले का जिम्मेदार पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा भारत पर फिर हमला करने की ताक में है। संगठन के पूर्व और वर्तमान सदस्यों के हवाले से यह दावा किया गया है।

एक वरिष्ठ पाकिस्तानी अधिकारी ने बताया कि अमेरिका ने भारत को मुंबई जैसे कुछ अन्य हमले होने के बारे में चेतावनी दी है।

उसने कहा कि पाकिस्तान को भय है कि मुंबई हमले जैसी कोई अन्य घटना हुइर्ं तो भारत सैन्य प्रतिक्रिया व्यक्त कर सकता है और इसके नतीजे में युद्ध भड़क सकता है।

पाकिस्तानी अधिकारी ने यह भी कहा कि वह ऐसा दोबारा नहीं होने की गांरटी नहीं दे सकते क्योंकि उनका लश्कर पर कोई नियंत्रण नहीं है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+