स्वाइन फ्लू से 7 की मौत, मृतकों की संख्या 316 हुई
नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। देश में बुधवार को स्वाइन फ्लू से सात लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या 316 पहुंच गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार बुधवार को स्वाइन फ्लू के 197 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह पीड़ितों की संख्या बढ़कर 10,233 हो गई है।
दिल्ली में फ्लू से दो लोगों की मौत हो गई। एक मरीज ने सफदरजंग अस्पताल में जबकि दूसरे ने एक निजी अस्पताल में इस बीमारी से दम तोड़ दिया। इस तरह दिल्ली में मृतकों की संख्या 13 पहुंच गई है।
कर्नाटक में चार लोगों की मौत हुई है और प्रदेश में मरने वालों की संख्या 96 हो गई है।
आंध्र प्रदेश में एक मरीज की मौत होने के साथ यहां इस बीमारी से दम तोड़ने वालों की तादाद 34 हो गई। अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में दो और मरीजों की मौत हुई है लेकिन अभी जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। इससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उनकी मौत फ्लू से हुई है अथवा नहीं।
महराष्ट्र में सबसे अधिक 120 मरीजों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। स्वाइन फ्लू से पहली मौत प्रदेश के पुणे शहर में 3 अगस्त हो हुई थी।
बुधवार को सामने आए नए मामलों में दिल्ली 58, महाराष्ट्र 46, तमिलनाडु 25, कर्नाटक 13, केरल 13, हरियाणा 12, चंडीगढ़ 12, आंध्र प्रदेश 9 और गोवा 1 शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications