बिहार नौका दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 53 पहुंची (लीड-1)
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बुधवार की शाम आईएएनएस को बताया कि अब तक 53 लोगों के शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। इनमें 12 महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मरने वालों में कुल 34 बच्चे शामिल हैं, जिनमें 19 लड़के और 15 लड़कियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शवों को निकालने का कार्य अब भी जारी है।
इसके पूर्व खगड़िया जिला के पुलिस अधीक्षक इंद्रानंद मिश्रा ने बुधवार को बताया कि आज 19 शव बरामद किए गए हैं जबकि 28 शवों को मंगलवार को ही निकाल लिया गया था। उन्होंने बताया कि मरने वालों में महिलाओं और बच्चों की संख्या सबसे अधिक है।
मिश्रा के मुताबिक अभी भी नदी में शव ढूंढने का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगायी गई है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को दशहरा के मौके पर अलौली में मेला लगता है जिसे देखने और घूमने के लिए बड़ी संख्या में लोग आते हैं। सोमवार की रात मेला देखकर लोग नाव द्वारा करेह नदी पार कर रहे थे कि फुलतेरा घाट के समीप नाव पलट गई। इस नाव पर करीब 50-60 लोग सवार थे।
ज्ञात हो कि सोमवार को दरभ्ांगा जिले के कुशेश्वर स्थान में कोसी नदी में हुई एक नौका दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई थी।
राज्य सरकार ने दोनों दुर्घटनाओं में मृतकों के संबंधियों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications