'भारत पर फिर हमला करने की फिराक में लश्कर-ए-तैयबा'
वाशिंगटन, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। मुंबई पर 26/11 के आतंकवादी हमले का जिम्मेदार पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा भारत पर फिर हमला करने की ताक में है। संगठन के पूर्व और मौजूदा सदस्यों तथा खुफिया अधिकारियों के हवाले से 'न्यूयार्क टाइम्स' ने यह खबर दी है।
अमेरिकी दैनिक के अनुसार पाकिस्तान के अपनी धरती पर आतंकवादी ढांचा ध्वस्त करने के वादे के बावजूद लश्कर का संगठन न केवल कायम है वरन वह फल-फूल भी रहा है।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार उसने मुंबई जांच पर भारतीय और पाकिस्तानी दस्तावेजों को हासिल किया है। इसमें पूरे पाकिस्तान में फैले लश्कर के संगठन की विस्तृत तस्वीर है। इनमें 26/11 के हमले की तैयारी के लिए उपयोग किए गए कराची के चार घरों और दो प्रशिक्षण शिविरों का भी ब्योरा है।
पाकिस्तानी दस्तावेजों के अनुसार एक होम्योपैथी दवा विक्रेता हमाद अमीन सादिक ने मुंबई हमले के संगठनकर्ताओं के लिए बैंक खातों का प्रबंध किया और अन्य आपूर्ति सुनिश्चित की।
एक वरिष्ठ पाकिस्तानी अधिकारी ने बताया कि अमेरिका ने भारत को मुंबई जैसे कुछ अन्य हमले होने के बारे में चेतावनी दी है। परंतु इस बारे में उन्हें किसी ने कोई सूचना नहीं दी है।
उसने कहा कि पाकिस्तान को भय है कि मुंबई हमले जैसी कोई अन्य घटना हुई तो भारत सैन्य प्रतिक्रिया व्यक्त कर सकता है और इसके नतीजे में युद्ध भड़क सकता है।
पाकिस्तानी अधिकारी ने यह भी कहा कि वह ऐसा दोबारा नहीं होने की गांरटी नहीं दे सकते क्योंकि उनका लश्कर पर कोई नियंत्रण नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications