इंडोनेशिया में भूकंप से 75 मरे
जकार्ता, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप में बुधवार दोपहर को आए शक्तिशाली भूकंप में कम से कम 75 लोगों के मारे जाने की खबर है। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.6 मापी गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पश्चिमी सुमात्रा प्रांत के पडांग के मेयर फौजी बहार ने उपराष्ट्रपति जुसुफ कुल्ला को टेलीफोन पर बताया कि भूकंप में कम से कम 75 लोग मारे गए हैं और दर्जनों इमारतें और मकान ध्वस्त हो गए हैं।
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्रालय ने मरने वालों की संख्या 13 बताई थी।
इंडोनेशिया के राष्ट्रीय भूगर्भ विज्ञान और भौगोलिक एजेंसी (बीएमजी) के मुताबिक भूकंप का केंद्र पश्चिमी सुमात्रा से 57 किलोमीटर दूर दक्षिण पश्चिम में था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications