सुनामी से समोआ द्वीप में 25 लोगों की मौत (लीड-1)
वाशिंगटन / वेलिंग्टन, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रशांत महासागर में रिक्टर पैमाने पर 8.0 की तीव्रता वाले एक भूकंप के बाद आई सुनामी से द्वीपीय राष्ट्र समोआ और अमेरिकी समोआ में कम से कम 25 लोगों की मौत हुई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार काफी अधिक संख्या में तटवर्ती गांव बह गए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
अमेरिकी समोआ के एक स्थानीय रेडियो ने 14 मौत की और समोआ राष्ट्र की राजधानी एपिया में रेडक्रास के एक अधिकारी ने न्यूजीलैंड रेडियो को 11 मौतों की खबर दी है।
अमेरिकी भूविज्ञान सर्वेक्षण के अनुसार रिक्टर पैमाने पर 8.0 की तीव्रता वाले भूकंप के बाद सुनामी लहरें पैदा हुईं। पहले भूकंप को 8.3 की तीव्रता वाला बताया जा रहा था। भूकंप का केंद्र प्रशांत महसागर के समोआ द्वीप से 204 किलोमीटर दूर और 85 किलोमीटर की गहराई में था।
सुनामी केंद्र ने हवाई, पापुआ न्यूगिनी, कोक द्वीप, टोंगा और फिजी सहित दक्षिणी प्रशांत महसागर के अन्य द्वीपों के लिए भी सुनामी की चेतावनी जारी की थी। परंतु ईस्ट केप में समुद्र की सतह केवल 40 सेंटीमीटर ऊपर उठने के बाद इसे वापस ले लिया गया।
तेज भूकंप के बाद दो हल्के भूकंप भी आए। रिक्टर पैमाने पर इनकी तीव्रता 5.6 और 5.8 थी।
समोआ के राष्ट्रीय आपदा केंद्र के एक प्रवक्ता ने रेडियो न्यूजीलैंड को बताया कि जानमाल के नुकसान के बारे में तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है लेकिन कई घरों की दीवारों में दरार आ गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications