पत्नी को ढूंढ़ने पहुंचा पाकिस्तानी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक 27 वर्षीय मोहम्मद असगर अली की पहचान पाकिस्तान के लाहौर के निकट स्थित छीना गांव के निवासी के रूप में की गई है। मंगलवार को इसे गिरफ्तार किया गया था। असगर ने पुलिस को बताया कि वह नेपाल से होता हुआ भारत पहुंचा था और वह यहां अपनी 22 वर्षीय नर्तकी पत्नी रत्ना सोनी की खोज में आया था।
अली का दावा है कि मलेशिया के कुआलालम्पुर में पिछले साल अप्रैल में हुए एक शो के दौरान हुई मुलाकात के बाद वह और सोनी एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे और दोनों ने एक महीने बाद नेपाल में विवाह कर लिया था।
उसने दावा किया है कि सोनी ने उससे 1.25 लाख रुपये लिए थे और उसे बिना सूचना दिए भारत आ गई थी। उसने यह भी कहा कि बाद में सोनी ने उसे भारत आने और उसे ले जाने के लिए कहा था।
यद्यपि पुलिस का कहना है कि अली के भारत पहुंचने का वास्तविक मकसद अब तक अनिश्चित है।
सहायक पुलिस अधीक्षक (छिंदवाड़ा) अमित सिंह ने कहा, "23 सितम्बर से छिंदवाड़ा के एक होटल में इन्जिमा नाम से रह रहे अली को गिरफ्तार कर लिया गया है और अधिक जानकारी के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।"
पुलिस ने अली के पास से एक जाली नेपाली पासपोर्ट और एक भारतीय सिम कार्ड बरामद किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications