हाथरस में प्रदर्शनकारियों ने रेलगाड़ी के 6 डिब्बे फूंके
हाथरस के राजकीय रेलवे पुलिस(जीआरपी) प्रभारी जसपाल सिंह ने आईएएनएस को बताया कि करीब 100 से ज्यादा स्थानीय लोगोंे ने नई दिल्ली से कोलकाता के बीच चलने वाली महानंदा एक्सप्रेस को स्टेशन पर रोककर उसके छह डिब्बों में आग लगा दी। सभी छह डिब्बे बुरी तरह से जल गए हैं।
उन्होंने कहा कि आगजनी के बाद स्टेशन पर भगदड़ मच गई। रेलगाड़ी में बैठे यात्री उतरकर बाहर भागने लगे। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सिंह ने बताया कि हालात काबू में करने मौके पर पहुंची पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। कुछ प्रदर्शनकारियों को मामूली चोटें आने की खबर है।
रेलवे प्रशासन ने हाथरस रेलवे स्टेशन को बंद करके सारे कार्य वहां से करीब 15 किलोमीटर दूर मेहू रेलवे स्टेशन से कराने का फैसला किया है। स्थानीय लोग रेलवे प्रशासन के इस फैसले का विरोध कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि हाथरस स्टेशन बंद हो जाने से आवाजाही में समस्याएं आएंगी। क्योंकि मेहू स्टेशन शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications