खर्चे और कर्ज घटाए एयर इंडिया: पटेल
पटेल ने पायलटों के काम पर लौटने पर राजी होने के बाद पत्रकारों को बताया," एयर इंडिया को सरकार की मदद बिना शर्त नहीं दी जाएगी। हमने विमानन कंपनी को अपने खर्चो में कटौती करने को कहा है।"
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार एयर इंडिया में 5,000 करोड़ रुपये की पूंजी लगाने के लिए तैयार हो गई है। पिछले वित्तीय वर्ष से अब तक एयर इंडिया का नुकसान 7,200 करोड़ रुपए से अधिक होने का अनुमान है।
प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों के वेतन में कटौती पर पटेल ने कहा कि प्रबंधन और कर्मचारियों को एकपक्षीय निर्णय लेने से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा, " कर्मचारियों के नाराज होने का कोई कारण नहीं है। पायलटों की समिति प्रबंधन के साथ वेतन कटौती के मुद्दे पर विचार विमर्श करेगी।"
गौरतलब है कि एयर इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी पायलट शनिवार को उत्पादकता आधारित भत्तों में कटौती के विरोध में चिकित्सा अवकाश पर चले गए थे। सरकार के हस्तक्षेप के बाद बुधवार को पायलट काम पर लौट आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications