कोबेद गांधी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं : राव

हैदराबाद, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। क्रांतिकारी कवि वारावारा राव ने दावा किया है कि गिरफ्तार नक्सली नेता कोबेद गांधी के खिलाफ भारत में कहीं भी कोई मामला लंबित नहीं है लेकिन पुलिस उनके खिलाफ झूठा मामला गढ़ सकती है।

आंध्र प्रदेश पुलिस दिल्ली में गांधी की गिरफ्तारी में अपनी भूमिका को लेकर चुप है वहीं राव का कहना है कि गांधी के खिलाफ राज्य में कोई मामला लंबित नहीं है।

नक्सली विचारधारा से प्रेरित और गांधी को 1970 से करीब से जानने वाले राव ने आईएएनएस को बताया," गांधी के खिलाफ आंध्र प्रदेश या पूरे भारत में कहीं भी कोई मामला दर्ज नहीं है लेकिन उनके खिलाफ झूठे मामले गढ़ना पुलिस के लिए मुश्किल नहीं है।"

राव का मानना है कि आंध्र प्रदेश पुलिस ने नक्सलवादियों को एकजुट करने में गांधी की अहम भूमिका के कारण गांधी को अपने जाल में फंसाया है।

मुंबई में जन्मे 63 वर्षीय गांधी को दिल्ली में 21 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। लेकिन राव का दावा है कि माओवादी नेता को 17 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा, "गांधी कैंसर से पीड़ित हैं और उन्हें किडनी और ह्दय रोग की भी समस्या है। उन्हें 17 सितंबर को गिरफ्तार करने के बाद चार दिन तक यातनाएं दी गईं। कोर्ट के आदेश के बावजूद उनका उचित इलाज नहीं कराया गया।"

वर्ष 2004 में आंध्र प्रदेश सरकार और नक्सलवादियों के बीच पहली शांति वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले राव ने कहा कि पुलिस उनके जैसे लोगों को गांधी से संबंध रखने के आरोप में गिरफ्तार कर सकती है।

राव ने कहा, "गांधी ने पुलिस को कुछ नहीं बताया होगा। पुलिस मुझे उनके संपर्क में रहने का दावा करके गिरफ्तार कर सकती है।"

गांधी और उनकी पत्नी अनुराधा के भूमिगत होने के एक वर्ष पहले राव ने दोनों से मुलाकात की थी।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की केंद्रीय समिति की एकमात्र महिला सदस्य अनुराधा की पिछले साल मलेरिया से मौत हो गई थी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+