स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता के लिए कार रैली
'फोरम ऑफ ब्रेस्ट कैंसर प्रोटेक्शन' के संस्थापक अध्यक्ष रमेश सरीन ने आईएएनएस से कहा, "देश में हर साल करीब 100,000 महिलाएं स्तन कैंसर से पीड़ित होती हैं। जागरूकता के अभाव और बीमारी के बारे में देर से पता चलने की वजह से इनमें से 40,000 महिलाओं की मौत हो जाती है। इस कार रैली का मकसद छोटे शहरों की महिलाओं के बीच इस बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाना है।"
वरिष्ठ चिकित्सक सरीन ने बताया कि आगरा जाने वाली इन 60 महिलाओं में से 10 महिलाएं ऐसी हैं जिन्हें स्तन कैंसर था लेकिन इलाज के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ हो गईं। इस रैली के लिए एक महिला गुजरात से आई है।
गांधी जयंती के दिन दिल्ली से रैली की शुरूआत होगी जबकि आगरा में इसका समापन होगा।
सरीन ने कहा कि आगरा पहुंचने के बाद वहां के स्थानीय स्वयं सेवी संगठनों की मदद से आयोजित 10 शिविरों में मरीजों का इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा, "निशुल्क इलाज व जांच के लिए आगरा में कम से कम 10 शिविर आयोजित किए जाएंगे। रैली में यहां से जाने वाले चिकित्सक निशुल्क सेवाएं देंगे।"
बाद में मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर और लखनऊ के लिए भी कार रैलियां आयोजित की जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications