तेंदुए के हमले में बच्चे की मौत
जिले के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ)आर .के.सिंह ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि घटना कर्तनिया घाट वन क्षेत्र के समीप कुंडा गांव की है, जहां मंगलवार को एक तेंदुए ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिसमें पांच वर्षीय महेश की मौत हो गई जबकि अन्य तीन ग्रामीण घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिंह ने बताया कि घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। जब तक तेंदुआ पकड़ नहीं लिया जाता ग्रामीणों को झुंड में रहने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग के अधिकारियों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
इस साल बहराइच जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तेंदुए के हमले की 13 घटनाएं सामने आई हैं। तेंदुए के हमले में इस साल अब तक महेश सहित तीन लोग अपनी जान गवां चुके हैं। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कर्तनिया घाट वन क्षेत्र में तेदुओं की संख्या 32 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications