कानपुर में इमारत ढही, 4 की मौत
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में मंगलवार तड़के एक इमारत के ढह जाने से चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। मलबे में कई अन्य के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
कानपुर के भीड़-भाड़ वाले इलाके बादशाही नाका में घनी आबादी वाली मसाले वाली गली में मंगलवार सुबह साठ साल पुरानी तीन मंजिली इमारत अचानक ढह गई। इमारत के ढहते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक इमारत पहले से ही जर्जर थी। लापरवाही के चलते इसकी मरम्मत नहीं हो पा रही थी। इस इमारत में चार परिवार रहते थे।
राहत कार्य में जुटे सेना के जवान
मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने तुरंत सेना बुला ली। सेना के जवान राहत कार्य में जुटे हुए हैं। कानपुर की अपर जिलाधिकारी शकुंतला गौतम ने संवाददाताओं को बताया कि सेना के जवानों की मदद से राहत और बचाव कार्य जारी है।
जिलाधिकारी के मुताबिक हादसे में घायल आठ लोगों को कानपुर के उर्सला और हैलट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां फिलहाल सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है।













Click it and Unblock the Notifications