पंचायत ने प्रेमी युगल की चप्पलों से पिटाई की
बिजनौर जिले के सोती गांव में पंचायत ने 23 वर्षीय युवक और 20 वर्षीया युवती द्वारा शादी से पहले के प्रेम को नाजायज मानने से इंकार करने पर उनकी लात-घूंसों और चप्पलों से पिटाई कर दी।
ज्ञान देव नाम के एक ग्रामीण ने बताया कि सोमवार को कुछ ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े को गांव के एक बगीचे में मुलाकात करते हुए देख लिया, जिसके बाद दोनों को पंचायत के सामने लाया गया। पंचायत ने युवक पर युवती से शादी करने का दबाव डाला और कहा कि शादी से पहले किसी भी लड़के-लड़की को एक दूसरे से मिलने का हक नहीं है।
ग्रामीणों के मुताबिक युवक ने पंचायत से कहा कि वह नौकरी ढूढ़ रहा है और नौकरी मिलने के बाद जल्द ही युवती से शादी कर लेगा लेकिन इस दौरान वे एक दूसरे से मिलते रहेंगे। प्रेमी जोड़े ने कहा कि वे शादी से पहले प्यार को नाजायज नहीं मानते। प्रेमी जोड़े की यह बात सुनकर पंचायत ने दोनों की पिटाई कर दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। नंगला थाने के कार्यवाहक निरीक्षक सतीश कुमार ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications