भारती-एमटीएन सौदे के सकारात्मक परिणाम की उम्मीद : मुखर्जी (लीड-1)
नई दिल्ली, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने मंगलवार को यहां कहा कि सरकार भारती-एमटीएन के बीच प्रस्तावित 23 अरब डॉलर के बहुप्रतीक्षित सौदे के प्रति सकारात्मक रुख रखती है।
मुखर्जी ने वित्त मंत्रालय में मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद विरमानी की पुस्तक के विमोचन के अवसर पर संवाददाताओं को बताया, "प्रधामंत्री मनमोहन सिंह को और मुझे खुद इस सौदे के लोकर बहुत सकारात्मक उम्मीद है। हमने इस पर चर्चा की है।"
भारती और एमटीएन के पास इस सौदे को निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए बुधवार तक का समय है।
पिछले वर्ष दो वार्ताओं के विफल होने के बाद भारती एयरटेल और दक्षिण अफ्रीका की एमटीएन ने इस वर्ष 25 मई से सौदे के संबंध में फिर से वार्ता आरंभ की है। एयरटेल ने इससे पहले एमटीएन की सहायक कंपनी बनने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था, जिससे वार्ता टूट गई थी।
सौदे पर आगे बढ़ने के लिए एमटीएन को दक्षिण अफ्रीका सरकार की मंजूरी चाहिए क्योंकि सरकारी स्वामित्व वाले सार्वजनिक निवेश निगम (पीआईसी) की कंपनी में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पूर्ण समर्थन के आश्वासन के साथ भारत सरकार ने सौदे के लिए हरी झंडी पहले ही दिखा दी है।
अमेरिका के पिट्सबर्ग में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान इस मुद्दे को दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के समक्ष उठाने के बारे में पूछे जाने पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था, "मैंने जुमा से इसका उल्लेख किया। मुझे पूरा विश्वास है कि सौदा आगे बढ़ेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications