योगराज सिंह को बेटे की प्रसिद्धि का फायदा मिलने की उम्मीद
पंचकुला (हरियाणा), 29 सितम्बर (आईएएनएस)। करीब 125 पंजाबी फिल्मों में काम कर चुके पूर्व तेज गेंदबाज योगराज सिंह को अपने क्रिकेटर बेट युवराज सिंह की प्रसिद्धि का लाभ मिलने की उम्मीद है। योगराज सिंह पंचकूला से हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
51 वर्षीय सिंह 13 अक्टूबर को होने वाले चुनाव में इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के टिकट पर नए बने निर्वाचन क्षेत्र पंचकूला से चुनाव लड़ रहे हैं। सत्तारुढ़ दल कांग्रेस के उम्मीदवार उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी हैं।
योगराज सिंह ने आईएएनएस से कहा, "मुझे पूरा यकीन है कि मैं अपने प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर दूंगा। मुझे विश्वास है कि मेरी भारी अंतर से जीत होगी।"
योगराज को अपने बेटे के प्रशंसकों से कुछ फायदा मिलने की उम्मीद है। योगराज सुनिश्चित नहीं हैं कि इस समय चोट के कारण क्रिकेट टीम से बाहर युवराज उनके प्रचार के लिए पंचकूला आएंगे या नहीं।
योगराज ने कहा, "यह उन पर और उनके कार्यक्रमों पर निर्भर करता है। मैं किसी पर भी अपने लिए प्रचार करने का दबाव नहीं बनाऊंगा।" यद्यपि योगराज ने अपने ख्यात बेटे के पोस्टर और कटआउट्स अपने कार्यालय में लगाए हुए हैं।
योगराज ने क्रिकेटर के बतौर भारत के लिए एक टेस्ट मैच और छह अंतर्राष्ट्रीय एक दिवसीय मैच खेले हैं। उन्होंने 125 पंजाबी फिल्मों में अभिनय किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications