ग्रामीणों ने राजीव गांधी विद्यापीठ महाविद्यालय का निर्माण कार्य रोका
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि महाविद्यालय प्रशासन ने अवैध तरीके से जमीन पर कब्जा किया है। पिछले दिनों राहुल गांधी ने स्वयं इस महाविद्यालय का शिलान्यास किया था।
अमेठी संसदीय क्षेत्र के तिलोई कस्बे के पाकरगांव में निर्माणाधीन महाविद्यालय स्थल पर ग्रामीण लाठी-डंडे से लैस होकर सोमवार को पहुंचे और उन्होंने निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने धमकी दी कि यदि निर्माण कार्य रोका नहीं गया तो वे इसके खिलाफ सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।
महाविद्यालय के प्रबंधक विनोद मिश्रा ने कहा है कि ग्रामीणों ने चारदीवारी के खंभे ढहा दिए हैं और शिलान्यास की पट्टिका उखाड़ दी है। मिश्रा ने कहा कि 18 अगस्त को क्षेत्र के सांसद राहुल गांधी ने स्वयं इस महाविद्यालय की आधारशिला रखी थी।
पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए एक दल गठित कर दिया है। रायबरेली के पुलिस उपाधीक्षक आदित्य शुक्ला ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
शुक्ला ने कहा है कि जिला प्रशासन के साथ मिलकर भूमि आवंटन प्रकिया की जांच की जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि तिलोई तहसील रायबरेली जिले का हिस्सा है, लेकिन वह अमेठी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications