अन्य कंपनियों को एयर इंडिया की मदद को कहा गया (लीड-1)
एयर इंडिया के अध्यक्ष अरविंद जाधव सहित विभिन्न विमानन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक के बाद नागरिक उड्डयन सचिव एन.एम.नांबियार ने कहा, "मैंने उनसे इस समय किराया नहीं बढ़ाने और उन यात्रियों को भी स्थान देने को कहा है, जिनकी उड़ानें रद्द हो गईं हैं।"
उत्पादकता से जुड़े भत्तों (पीएलआई) में कटौती किए जाने से नाराज पायलटों की हड़ताल मंगलवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई। इससे कुछ अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों सहित 46 उड़ानें रद्द हुई हैं।
बैठक के बाद जाधव ने संवाददाताओं से कहा कि पहले ही नकदी की कमी से जूझ रही कंपनी को तीन दिनों में 84 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
जाधव ने कहा कि पिछले तीन दिनों से करीब 180 पायलट कथित बीमारी के कारण छुट्टी पर हैं। एयर इंडिया ने पिछले दो वर्षो में पीएलआई 1,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1,500 करोड़ रुपये कर दिया।
जाधव ने कहा कि देश के विभिन्न हवाई अड्डों पर यात्रियों को दूसरी उड़ानों में स्थानांतरित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है। टिकटों की वापसी के लिए विशेष काउंटर खोले गए हैं।
एयर इंडिया ने अगले 15 दिनों के लिए टिकट आरक्षण भी बंद कर दिया है।
वरिष्ठ पायलटों और जाधव के बीच वार्ता सोमवार को बेनतीजा समाप्त हो गई।
एयर इंडिया के अधिकारियों ने कहा कि प्रबंधन ने वार्ता के दरवाजे खोल रखे हैं और मंगलवार को भी पायलटों से वार्ता की संभावना है।
एयर इंडिया के प्रबंधन और हड़ताली पायलटों की बातचीत विफल होने के बाद सोमवार रात प्रधानमंत्री कार्यालय ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय से संकट का समाधान जल्द से जल्द ढूढ़ने को कहा था।
सोमवार रात जारी एक बयान में नागरिक उड्डयन सचिव ने एयर इंडिया में तालाबंदी की संभावना से इंकार किया था।
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक सूत्र ने कहा, "हम नहीं चाहते हैं कि जेट एयरवेज की तरह एयरलाइंस को पायलट बंधक बना लें। जेट में पायलटों की हड़ताल की वजह से यात्रियों को परेशानी हुई थी।" उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल से इस मसले का जल्द समाधान सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications