हिमाचल में आयोजित होगा वन्यजीव फिल्म महोत्सव
प्रदेश के वन मंत्री जे. पी. नाड्डा ने मंगलवार को बताया कि समारोह में तीन बार 'ग्रीन ऑस्कर अवार्ड' जीत चुके माइक एच. पाण्डे के वृतचित्रों के अलावा कई फिल्म प्रदर्शित की जाएंगी।
नाड्डा ने कहा, "दो से आठ अक्टूबर तक चलने वाले वन्यजीव सप्ताह समारोहों के तहत शिमला में एक फिल्मोत्सव आयोजित किया जाएगा। जिसमें पाण्डे के वृत्तचित्र प्रदर्शित किए जाएंगे।"
उन्होंने कहा कि पाण्डे को ऐतिहासिक 'गेटे थियेटर' में आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। समारोह में पाण्डे के 'द लास्ट माइग्रेशन-वाइल्ड एलीफेंट कैप्चर इन सरगुजा' और 'शोर्स ऑफ साइलेंस-व्हेल शार्क्स इन इंडिया' सहित अन्य वृत्तचित्र दिखाए जाएंगे।
नाड्डा ने कहा, "हमने राज्यभर में आयोजन के लिए कार्यक्रम तय किए हैं। हमारा उद्देश्य फिल्मों के जरिए छात्रों को प्रकृति के महत्व व उस पर हो रहे हमलों के प्रति शिक्षित करना है।"
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश को जैवविविधता के संग्रह स्थल के रूप में जाना जाता है। यहां की हरी-भरी घाटियों और बर्फ से ढकी चट्टानों के बीच भारतीय पक्षियों की 36 प्रजातियां रहती हैं।
हिमाचल राज्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद ने अपनी जैवविविधता रिपोर्ट में बताया है कि स्तनधारियों की 77 प्रजातियों के साथ भारत में पाई जाने वाली पक्षियों की 1,228 प्रजातियों में से 447 यहां पाई जाती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications