सामाजिक कार्यकर्ता मल्लिका दत्त होंगी सम्मानित
वाशिंगटन, 29 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी संगठन 'एशियन अमेरिकन जस्टिस सेंटर' (एएजेसी) आगामी एक अक्टूबर को भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता मल्लिका दत्त को 'अमेरिकन करेज अवार्ड' से सम्मानित करेगा।
दत्त एक प्रगतिशील अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन 'ब्रेकथ्रो' की कार्यकारी निदेशक हैं। 'ब्रेकथ्रो' ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा, एचआईवी/एड्स, नस्लीय न्याय और प्रवासी अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर भारत और अमेरिका में पहल की है।
दत्त को यह पुरस्कार अंतर्राष्ट्रीय महिला संगठन 'इंटरएजेंसी टास्क फोर्स' की उप निदेशक अनीता बोट्टी देंगी।
एएजेसी के मुताबिक दत्त ने सामाजिक बदलाव के प्रति सक्रियता और प्रतिबद्धता का एक लंबा इतिहास रचा है और उन्होंने महिलाओं के अधिकारों से लेकर नस्लीय न्याय और प्रवासियों के अधिकार जैसे वैश्विक मुद्दों को उठाया है।
पुरस्कार के लिए चुने जाने पर खुशी जाहिर करते हुए दत्त ने कहा, "मैं खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications