चीनी नागरिकों को रोकने के लिए अधिकारी सतर्क (लीड-1)
नई दिल्ली/रायपुर, 27 सितम्बर (आईएएनएस)। यहां के माना हवाईअड्डे के अधिकारी बाल्को संयत्र में कार्यरत चीनी कर्मचारियों को भारत छोड़कर जाने से रोकन के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।
बाल्को संयंत्र की निर्माणाधीन चिमनी के बुधवार को ढहने के कारण कम से कम 45 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। कई मजदूरों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है।
पुलिस के एक सूत्र ने रायपुर में आईएएनएस को बताया कि मजदूरों की मौत की बढ़ती संख्या के बीच 70 चीनी कर्मचारी कोरबा कस्बा छोड़ चुके हैं। इनमें से ज्यादातर इंजीनियर हैं।
चीनी कर्मचारी चीन की कंपनी सांगडांग इलेक्ट्रिक पॉवर कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एसईपीसीओ) द्वारा एक ऊर्जा संयत्र के निर्माण के काम में लगे हुए थे। ऊर्जा संयत्र स्थापित करने का ठेका एसईपीसीओ को मिला था।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "एसईपीसीओ का कार्यालय बंद है। हमें उन्हें छत्तीसगढ़ या देश से भागने से हर हाल में रोकना है क्योंकि हादसे की न्यायिक जांच के लिए उनसे पूछताछ जरूरी है।"
इस बीच दिल्ली में उच्च पदस्थ सूत्रों ने आईएएनएस को बताया है कि अभी तक किसी भी चीनी नागरिक को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।
सूत्र ने कहा है, "पिछले दो दिनों के दौरान इस तरह की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications