जम्मू में 3 पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
जम्मू, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने एक नेता के पुत्र की हत्या में इस्तेमाल हथियार के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में रविवार रात पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह सहित तीन पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
विगत 29 अगस्त को जम्मू के शास्त्री नगर इलाके में अमनदीप सिंह नाम के व्यक्ति की हत्या उसके घर में ही कर दी गई थी। इस हत्या का आरोपी एक बड़े व्यवसायी का बेटा जतिंदर सिंह ऊर्फ राजा है।
अमनदीप की मां और विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता दीपिंदर कौर इस हत्या की चश्मदीद गवाह हैं। मनोहर सिंह के अलावा गांधी नगर थाने के निरीक्षक सुल्तान मिर्जा और उप निरीक्षक सतनाम सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (जम्मू-कठुआ) फारुक खान ने आईएएनएस से कहा, " तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।" इस मामले में एसआईटी ने फोरंसिक साइंस लेबोरेटरी के उप निदेशक सरवर हुसैन बुखारी को भी गिरफ्तार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications