आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करे पाकिस्तान: कृष्णा
कुरैशी के साथ डेढ़ घंटे से अधिक समय चली वार्ता के बाद कृष्णा से संवाददाताओं से कहा, "हमने पाकिस्तान को बताया कि वहां स्थित आतंकवादी संगठनों के बारे में भारत की चिंता गंभीर है और उनके खिलाफ ठोस तथा प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता का उल्लेख किया।"
पाकिस्तान के मुंबई हमले के बाद से स्थगित समग्र वार्ता को आरंभ करने के आग्रह को नकारते हुए कृष्णा ने कुरैशी से कहा कि किसी भी अर्थपूर्ण वार्ता प्रक्रिया के लिए हिंसा-मुक्त वातावरण की आवश्यकता होती है।
पाकिस्तान ने जहां मुंबई पर 26/11 के हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उठाए गए कदमों की जानकारी दी, वहीं कृष्णा ने कहा कि हमले के सूत्रधार जमात-उद-दावा के संस्थापक हाफिज सईद के खिलाफ मामला भी भारत की एक चिंता है।
पाकिस्तानी आतंकवादी संगठनों के भारत के लिए खतरा पैदा करने के बारे में कुरैशी ने आश्वासन दिया कि पाकिस्तानी धरती का उपयोग भारत के खिलाफ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और मुंबई हमले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
पाकिस्तान की पर्दे के पीछे की वार्ता का आग्रह भी ठुकराते हुए भारत ने कहा कि जब पर्दे के सामने वार्ता का विकल्प खुला है तो पर्दे के पीछे वार्ता की कोई आवश्यकता नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications