सभी मिसाइल परीक्षण सफल : ईरान (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता जनरल हुसैन सालामी ने सरकारी टेलीविजन को बताया कि सैन्य अभ्यास के दौरान कम दूरी व लंबी दूरी की मिसाइलों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
प्रेस टीवी ने खबर दी है कि जिन मिसाइलों का परीक्षण किया गया उनमें लगभग 2,000 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली शहाब-3 मिसाइल भी शामिल है।
शहाब-3 मिसाइल पश्चिमी ताकतों की मुख्य चिंता का विषय है, क्योंकि यह मिसाइल इजरायल के किसी भी हिस्से को निशाना बनाने में सक्षम है।
ईरानी सैन्य कमांडरों ने कई बार चुनौती दी है कि यदि इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला किया तो वे उसके खिलाफ शहाब-3 का इस्तेमाल करेंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि सेना ने रविवार और सोमवार तड़के मध्यम दूरी की मिसाइलों और लांचरों का परीक्षण किया।
सालामी ने सरकारी टीवी को बताया है कि सैन्य अभ्यास के दौरान जिन अन्य मिसाइलों का परीक्षण किया गया, उनमें जमीन से जमीन पर मार करने वाली सेजिल-2 भी शामिल है। यह मिसाइल भी शहाब-3 की तरह 2,000 किलोमीटर तक मार कर सकती है, लेकिन यह एक ठोस ईंधन प्रणाली द्वारा चालित है और ज्यादा सटीक है।
रविवार और सोमवार को तड़के कम दूरी की मिसाइलों का भी परीक्षण किया गया। इनमें 300 किलोमीटर तक मार करने वाली शहाब-1, शहाब-2 (700 किलोमीटर तक मार करने वाली), टोंडर (150 किलोमीटर तक मार करने वाली), फतेह (193 किलोमीटर तक मार करने वाली) और जेलजाल (200 किलोमीटर तक मार करने वाली) मिसाइलों का सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications