आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तानी कार्रवाई से संतुष्ठ नहीं अमेरिका
वाशिंगटन, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान की प्रतिबद्धता में इजाफा होने के बावजूद ओबामा प्रशासन संतुष्ट नहीं है।
अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने पाकिस्तान में अल कायदा और तालिबान की बड़े पैमाने पर मौजूदगी का उल्लेख करते हुए यह बात कही।
क्लिंटन ने सीबीसी समाचार चैनल को बताया, "हम पिछले नौ महीन के घटनाक्रम पर फिर से नजर दौड़ा रहे हैं। तालिबान और अलकायदा के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान की प्रतिबद्धता मजबूत हुई है।"
क्लिंटन ने कहा कि पाकिस्तान स्वात घाटी में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में पूरी तरह सफल रहा जबकि काफी लोग मान रहे थे कि ऐसा होना संभव नहीं है।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने अपनी धरती से आतंकवादियों को मिटाने के लिए कदम उठाए हैं। पाकिस्तान के अस्तित्व के लिए ऐसा करना जरूरी था। "
यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान ने अलकायदा और तालिबान के सफाए के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं, क्लिंटन ने कहा, "आप जानते हैं कि हम हमेशा और आगे बढ़ने के लिए काम कर रहे हैं। मैं कह रही हूं कि हम किसी चीज से संतुष्ट नहीं हैं।"
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि अगर हम पाकिस्तानी मित्रों के साथ मिलकर काम करते हैं जैसा कि हमने वाशिंगटन और इस्लामाबाद में बैठ कर किया। हम एक दूसरे की बात सुनते हैं और सूचनाओं को साझा करते हैं कि आतंकवाद का खतरा आप की ओर तेजी से बढ़ रहा है जो आपके देश के अस्तित्व के लिए खतरनाक है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications