हारपून मिसाइलों में कोई संशोधन नहीं किया गया : पाकिस्तान
पाकिस्तानी नौसेना प्रमुख एडमिरल नौमान बशीर ने कहा, "हमने न तो किसी समझौते का उल्लंघन किया है और न करेंगे। पाकिस्तानी नौसेना सभी अंतर्राष्ट्रीय जवाबदेहियों का सम्मान कर रही है।"
बशीर ने समुद्र में लूटपाट पर आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के मौके पर संवाददाताओं से कहा कि इस मुद्दे पर अमेरिका की आपत्ति बिल्कुल गलतफहमी पर आधारित है, जिसका उचित स्तर पर स्पष्टीकरण दिया जा रहा है।
ज्ञात हो कि कुछ अधिकारियों के हवाले से न्यूयार्क टाइम्स ने कहा था कि वाशिंगटन ने इस्लामाबाद पर आरोप लगाया है कि वह भारत के खिलाफ इस्तेमाल करने के लिए हारपून मिसाइलों में और पी-3सी समुद्री निगरानी विमान में अनधिकृत तरीके से संशोधन कर रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ओबामा प्रशासन ने इस संबंध में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से जून महीने में आपत्ति दर्ज कराई थी। इसे लेकर दोनों देशों के बीच तनाव पैदा हो गया है।
न्यूयार्क टाइम्स ने कहा है कि पाकिस्तान ने मिसाइलों में संशोधन के आरोप को खारिज कर दिया है। अमेरिका ने 1985 से 1988 के बीच पाकिस्तान को 165 हारपून मिसाइलें मुहैया कराई थी।
इधर भारत ने कहा है कि उसने मीडिया में आई खबर को संज्ञान में लिया है और राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके प्रभाव का परीक्षण किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications