चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत
चण्डीगढ़, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। चण्डीगढ़ में सोमवार को स्वाइन फ्लू से 12 वर्षीय एक छात्रा की मौत हो गई। यहां इस बीमारी से यह पहली मौत है।
मूल रूप से मेरठ की रहने वाली हर्षिता चण्डीगढ़ से 35 किलोमीटर दूर चण्डीगढ़-अंबाला हाईवे पर स्थित चमन वाटिका स्कूल के छात्रावास में रह रही थी। यहां के चैतन्य अस्पताल में सोमवार को उसने अंतिम सांस ली।
चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी एच.सी गेरा ने आईएएनएस को बताया,"हर्षिता को चण्डीगढ़ के चैतन्य अस्पताल में शुक्रवार को काफी गंभीर हालत में भर्ती कराया गया जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था"
उन्होंने कहा, "हमने छात्रा के नमूनों को जांच के लिए भेजा और उसमें इस बीमारी की पुष्टि हुई। उसको सांस लेने में परेशानी हो रही थी।"
स्वाइन फ्लू के मामले को देखते हए रविवार को प्रबंधन ने स्कूल को दीपावली तक बंद करने की घोषणा की।
चण्डीगढ़ के अस्पतालों में अभी तक स्वाइन फ्लू के 230 संदिग्ध मामले सामने आए हैं जिनमें से 40 में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications