शोपियां कांड : पीड़ितों के नमूने लिए गए
श्रीनगर, 28 सितम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के शोपियां कस्बे में सोमवार सुबह उन दोनों युवतियों के शवों को कब्र से निकालकर फोरेंसिक जांच के लिए इनसे नमूने एकत्र किए गए।
नई दिल्ली से फोरेंसिक विशेषज्ञ रविवार को ही शोपियां पहुंच चुके थे। कब्र से दोनों युवतियों के शव निकाले जाने के समय एक उप महानिरीक्षक के नेतृत्व में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का एक दल, एक स्थानीय न्यायाधीश, जिले के पुलिस प्रमुख, पीड़ितों के संबंधी और इलाके के कुछ बड़े-बुजुर्ग मौजूद थे।
शवों को निकाले जाने से पहले वहां सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर दी थी। फोरेसिंक नमूने एकत्र कर लेने के बाद इन दोनों शवों को फिर से दफन कर दिया गया। इन दोनों का पोस्टमार्टम करने वाली एक स्त्री रोग विशेषज्ञ ने रविवार को स्वीकार किया था उसने पीड़ितों के नमूने नहीं लिए थे,बल्कि अपनी दो अन्य मरीजों के नमूने भेज दिए थे।
गौरतलब है कि विगत 30 मई को दुष्कर्म के बाद इन दोनों युवतियों की हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच सीबीआई कर रही है ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications